नीट पेपर लीक मामले के आरोपी से जुड़े ‘अवैध’ निर्माण को लेकर नोटिस जारी

Ads

नीट पेपर लीक मामले के आरोपी से जुड़े 'अवैध' निर्माण को लेकर नोटिस जारी

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 10:30 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 10:30 PM IST

बीड (महाराष्ट्र), 21 मई (भाषा) महाराष्ट्र की बीड़ नगर परिषद ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) प्रश्न पत्र लीक मामले के मुख्य आरोपियों में से एक प्रहलाद विट्ठलराव कुलकर्णी के अवैध निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

नगर परिषद के मुख्य अधिकारी शैलेश फणसे ने बताया कि यह निर्माण शहर के शाहू नगर इलाके में स्थित है।

कुलकर्णी को इस सप्ताह की शुरुआत में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने प्रश्न पत्र लीक मामले में पुणे से गिरफ्तार किया था।

फणसे ने बताया कि जांच में सामने आया कि शाहू नगर में यह निर्माण कथित तौर पर नगर परिषद से अनिवार्य मंजूरी लिए बिना शुरू किया गया था। इसके अलावा, निर्माण के लिए आवश्यक खुली जगह न छोड़कर नियमों का भी उल्लंघन किया गया।

उन्होंने बताया कि इसके बाद नगर योजनाकार बलिराम मोहिते और वसूली विभाग के प्रमुख वी. टी. तिड़के की अगुवाई में एक दल ने मंगलवार शाम निर्माण का निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि इस मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश