नई दिल्ली। राफेल डील पर छिड़ा संग्राम अब और तेज होता जा रहा है, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार सरकार को राफेल मुद्दे पर घेर रहे हैं, इसी कड़ी में आज यानी सोमवार को राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को घेरते हुए उन्हें कमांडर इन थीफ कह दिया।
राहुल गांधी ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करते हुए राफेल डील को समझाया, वीडियो में मौजूद शख्स कह रहा है कि फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने राफेल डील के बारे में कहा कि भारत सरकार की ओर से अंबानी की कंपनी का नाम सुझाया गया था और उनके पास कोई च्वाइस नहीं थी।
यह भी पढ़ें : करोड़ो रूपये का घोटाला करने वाला पोस्टमास्टर निलंबित
इतना ही नहीं अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दिवसीय दौरे पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी ने कहा था कि वो पीएम नहीं देश के चौकीदार बनना चाहते हैं। देश का चौकीदार (पीएम मोदी) चोरी कर गया, फ्रांस जाते हैं और कहते हैं कि अनिल अंबानी को कांट्रैक्ट देना है। देश समझना चाहता है कि देश के चौकीदार ने क्या किया? यूपीए सरकार ने फ्रांस से 126 जेट विमानों के लिए 526 करोड़ रुपए में सौदा तय किया था।
बता दें कि इससे पहले वित्त मंत्री अरुण जेटली ने अपने एक इंटरव्यू में साफ करने की कोशिश की थी कि राफेल सौदा बिल्कुल क्लीन है, इसलिए ये कैंसिल नहीं होगा। जेटली ने विपक्ष के आरोपों को बेबुनियादी और राहुल गांधी की राफेल डील को लेकर समझ पर सवाल उठाए थे।
वेब डेस्क, IBC24