राहुल, अखिलेश की जोड़ी प्रधानमंत्री मोदी और योगी पर भारी पड़ेगी: कांग्रेस सह-प्रभारी

Ads

राहुल, अखिलेश की जोड़ी प्रधानमंत्री मोदी और योगी पर भारी पड़ेगी: कांग्रेस सह-प्रभारी

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 04:27 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 04:27 PM IST

नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) कांग्रेस के उत्तर प्रदेश में सह-प्रभारी अब्दुल हन्नान ने बुधवार को दावा किया कि राज्य में ‘इंडिया’ गठबंधन एकजुट है और आगामी विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की जोड़ी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भारी पड़ेगी।

उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि राज्य में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनेगी।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हन्नान ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि कुछ साल पहले के राजनीतिक माहौल और आज के माहौल में ‘‘जमीन-आसमान का फर्क’’ है तथा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकप्रियता बढ़ी है और लोगों में उनके प्रति विश्वास भी बढ़ा है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि उत्तर प्रदेश के लोग बहुत समझदार हैं। उनको पता है कि 2027 का चुनाव 2029 के लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल है।’’

उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन पहले से मौजूद है और इसी के तहत उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ा जाएगा है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि कुछ साल पहले ऐसा लगता था कि मोदी और योगी का चेहरा बड़ा है, लेकिन ‘‘अब हालात बदल गए हैं।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘राहुल-अखिलेश की जोड़ी इन दोनों नेताओं पर भारी पड़ेगी। हमें लगता है कि हम सरकार बनाएंगे।’’

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की शुरुआत में संभावित हैं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पिछले विधानसभा चुनाव में अलग-अलग लड़ी थीं, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत उत्तर प्रदेश में मिलकर चुनाव लड़ा था।

भाषा हक हक पवनेश

पवनेश