राहुल गांधी प्रश्नपत्र लीक मामले का राजनीतिकरण कर रहे हैं : अरुणाचल भाजपा

Ads

राहुल गांधी प्रश्नपत्र लीक मामले का राजनीतिकरण कर रहे हैं : अरुणाचल भाजपा

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 07:57 PM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 07:57 PM IST

ईटानगर, 22 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अरुणाचल प्रदेश इकाई ने बुधवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निशाना बनाने के लिए नीट प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे का राजनीतिकरण कर रही है।

पार्टी ने आरोप लगाया कि विपक्ष परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाले सुधारों का समर्थन करने के बजाय विरोध-प्रदर्शन करने में अधिक दिलचस्पी ले रहा है।

भाजपा प्रवक्ता मुत्चू मिथी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के पास कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दिये गए धरने के खिलाफ पार्टी ने यहां प्रदर्शन किया।

मिथी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास के पास कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन सुरक्षा के लिए संभावित खतरा पैदा करता है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी का उद्देश्य प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे के समाधान पर ध्यान देने के बजाय प्रधानमंत्री पर राजनीतिक हमला करना था।

रोइंग विधानसभा सीट से विधायक मिथी ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक का कथित मामला सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने तुरंत कार्रवाई की, जांच के आदेश दिए, कथित तौर पर संलिप्त लोगों को गिरफ्तार किया और छात्रों व उनके परिवारों के हित में दोबारा परीक्षा आयोजित कराई।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि विपक्ष की ओर से बहस की मांग के बाद सरकार संसद में इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए सहमत हो गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में राहुल गांधी ने अपनी मांग बदलकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी।

मिथी ने कहा, ‘‘जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाले सुधार लाने के लिए संसद में इस मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए। मजबूत और पुख्ता सुधार रातों-रात लागू नहीं किए जा सकते और इनके लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ चर्चा की जरूरत है।’’

भाषा धीरज अविनाश

अविनाश