देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में होगा राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम
देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में होगा राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम
देहरादून, 15 जुलाई (भाषा) देहरादून में 17 जुलाई को प्रस्तावित राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए प्रशासन द्वारा ‘परेड ग्राउंड’ की अनुमति रद्द किए जाने के बाद कांग्रेस ने बन्नू स्कूल मैदान में कार्यक्रम के आयोजन को लेकर बुधवार को तैयारियां शुरू कर दीं।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल सुबह राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पार्टी मामलों के राज्य इकाई के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, मनोज यादव और अन्य नेताओं के साथ बन्नू स्कूल के मैदान में पहुंचे और 17 जुलाई को गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ की तैयारियों को लेकर समीक्षा की।
सूत्रों ने बताया कि उन्होंने वहां कार्यक्रम की व्यवस्था से जुड़े पार्टी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए ‘परेड ग्राउंड’ की अनुमति को लेकर मंगलवार दिनभर राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहीं।
गोदियाल ने आरोप लगाया कि ‘परेड ग्राउंड’ में कार्यक्रम के आयोजन के लिए पूर्व में ही निर्धारित शुल्क जमा कर 15, 16 व 17 जुलाई के लिए अनुमति मांगी गई थी लेकिन प्रशासन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दवाब में अनुमति वापस लेने की कोशिश कर रहा है।
बाद में देर रात वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ‘परेड ग्राउंड’ पहुंचे गोदियाल ने बताया कि प्रशासन ने मैदान में पहले से आयोजित हो रहे एक कार्यक्रम का विस्तार 17 जुलाई तक हो जाने का बहाना बनाकर गांधी के कार्यक्रम की अनुमति को रद्द कर दिया है।
उन्होंने कहा कि जिस कार्यक्रम का बहाना बनाकर अनुमति निरस्त की गयी, वह कार्यक्रम इस मैदान से हटकर दूसरे मैदान में हो रहा है और इसकी न तो हमें जरूरत थी और न ही हमने उसकी अनुमति ली थी।
नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ‘परेड ग्राउंड’ में दिए धरने के दौरान उन्होंने यह भी घोषणा की कि यहां होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब देहरादून में ही दूसरी जगह बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा।
गोदियाल ने कहा कि उनकी पार्टी ‘परेड ग्राउंड’ में ही कार्यक्रम को आयोजित कर सकती थी और इसके लिए सरकार की ईंट से ईंट बजा देती लेकिन छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए यह कार्यक्रम एक सुरक्षित जगह पर कराने का फैसला किया गया।
भाषा दीप्ति सुरभि
सुरभि

Facebook


