विजयवाड़ा, छह अप्रैल (भाषा) दक्षिण-मध्य रेलवे के विजयवाड़ा मंडल ने सोमवार को कहा कि उसके टिकट जांच कर्मचारियों ने अलाप्पुझा-धनबाद एक्सप्रेस में एक गर्भवती महिला का सुरक्षित रूप से प्रसव कराने में मदद की।
विजयवाड़ा मंडल ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह घटना पांच अप्रैल को हुई, जब ट्रेन संख्या 13352 (अलाप्पुझा-धनबाद एक्सप्रेस) के बी1 कोच में परिजनों के साथ सफर कर रही एक गर्भवती महिला यात्री को अन्नावराम स्टेशन पार करने के कुछ ही देर बाद प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
विज्ञप्ति के मुताबिक, विजयवाड़ा मंडल ने अपने कर्मचारियों की समयबद्ध और सहानुभूतिपूर्ण प्रतिक्रिया के जरिये एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा एवं देखभाल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रसव पीड़ा उठने पर महिला के परिजनों ने मदद के लिए ड्यूटी पर तैनात टिकट जांच कर्मचारियों से संपर्क किया।
इसमें कहा गया है कि विजयवाड़ा मंडल की टीटीआई (सुविधा) जी ज्योति ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रेन में सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के लिए हर संभव मदद प्रदान की।
विज्ञप्ति के अनुसार, ज्योति ने वाणिज्यिक नियंत्रक के साथ समन्वय किया और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के माध्यम से चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की।
इसमें कहा गया है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को एलमंचिली स्टेशन पर रोकने का फैसला लिया गया।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि रेलवे कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों के चलते जच्चा-बच्चा को एंबुलेंस के जरिये सुरक्षित रूप से एलमंचिली के सरकारी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
इसमें कहा गया है कि मां और बच्ची दोनों सुरक्षित एवं स्वस्थ हैं।
विज्ञप्ति में गया है कि बिपुल कुमार और जुबेर खान समेत अन्य रेलवे कर्मचारियों ने भी महिला का सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने में मदद दी।
भाषा पारुल माधव
माधव