दिल्ली में बारिश: जलभराव को लेकर आम आदमी पार्टी नेताओं ने सरकार पर निशाना साधा
दिल्ली में बारिश: जलभराव को लेकर आम आदमी पार्टी नेताओं ने सरकार पर निशाना साधा
नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) दिल्ली में सोमवार को तेज बारिश के बाद राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव और यातायात समस्या के बीच विपक्षी आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने स्थानीय सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरा शहर इससे जूझ रहा है।
भारद्वाज ने सड़कों और व्यावसायिक इलाकों में बारिश का पानी भरने के कई वीडियो भी साझा किए।
सदर बाजार का एक वीडियो साझा करते हुए भारद्वाज ने कहा कि शहर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र कमर तक पानी में डूब गया है। उन्होंने दावा किया कि दुकानों में पानी भर गया जिससे सामान खराब हो गया।
भारद्वाज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “यह दृश्य दिल्ली के प्रसिद्ध व्यावसायिक केंद्र सदर बाजार का है। दुकानों में पानी भर गया है, सामान बर्बाद हो रहा है और दुकानदार बेबस हैं।”
भाजपा या दिल्ली सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी।
भारद्वाज ने नालों की सफाई किए जाने के प्रशासन के दावों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “जब से चार इंजन वाली सरकार बनी है, पूरी दिल्ली गंभीर जलभराव से जूझ रही है। नालों की सफाई के बड़े-बड़े दावे पूरी तरह उजागर हो गए हैं। प्रशासन अपनी नींद से कब जागेगा?”
एक अन्य पोस्ट में भारद्वाज ने सड़क पर जमा पानी में स्कूली बच्चों को खेलते हुए एक वीडियो साझा किया और भाजपा सरकार पर तंज कसा।
उन्होंने कहा, “दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा सरकार का दिल से धन्यवाद, जिन्होंने दिल्ली के बच्चों के लिए मुफ्त वाटर पार्क की व्यवस्था की है।”
नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने भी जलभराव को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दुर्गा विहार इलाके का एक वीडियो साझा किया, जिसमें बारिश के पानी में बच्चे तैरते नजर आ रहे थे।
आतिशी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “दिल्ली के दुर्गा विहार इलाके के बच्चों के लिए मुफ्त स्विमिंग पूल की व्यवस्था करने के लिए धन्यवाद।”
मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश के लिए ‘‘रेड अलर्ट’’ और मध्यम बारिश के लिए ‘‘येलो अलर्ट’’ जारी किया है।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नयी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और उत्तर दिल्ली के कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक की खबरें मिलीं।
लोगों ने शहर के कई हिस्सों में यातायात अवरूद्ध होने और जलजमाव की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की।
भाषा रंजन अविनाश
अविनाश

Facebook


