नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बुधवार को फोन पर बात कर राज्य में भारी बारिश से पैदा हुई स्थिति की जानकारी ली।
अधिकारियों ने बताया कि शाह ने फडणवीस के साथ बातचीत में उन्हें केंद्र की ओर से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
मुंबई में बुधवार को मूसलाधार बारिश हुई जिससे लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं और दफ्तर जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सप्ताहांत में मुंबई में भारी बारिश हुई थी और मंगलवार को इससे थोड़ी राहत मिली थी।
पास के पालघर जिले के वसई-विरार खंड और दक्षिण गुजरात में कई जगहों पर जलजमाव के कारण गुजरात जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं।
सोमवार को भोर घाट खंड में भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे मार्ग पर भी ट्रेन सेवाएं पूरी तरह से बहाल नहीं हो पाईं।
नगर निकाय अधिकारियों के अनुसार, मुंबई को पेयजल की आपूर्ति करने वाले सात जलाशयों में शामिल तुलसी झील अपने जलग्रहण क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण देर रात से ही उफान पर रही।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में मुंबई और उसके उपनगरों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है।
भाषा सुरभि सिम्मी
सिम्मी