ईटानगर, 25 मई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ व्यापक बारिश होने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने सोमवार को लोअर सियांग जिले में भारी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की आशंका के मद्देनजर ‘ऑरेंज अलर्ट’ (तैयार रहें) जारी किया है। वहीं पापुम पारे, पश्चिम सियांग, पूर्वी सियांग, ऊपरी सुबनसिरी, लोंगडिंग, तिरप और नामसाई सहित कई अन्य जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ (सजग रहें) जारी किया गया है।
आईएमडी के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
प्रतिकूल मौसम के मद्देनजर नदियों के किनारे, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को इस अवधि के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप