राजस्थान: बस ने ट्रक को टक्कर मारी, दो की मौत, 20 स्कूली बच्चे घायल

Ads

राजस्थान: बस ने ट्रक को टक्कर मारी, दो की मौत, 20 स्कूली बच्चे घायल

  •  
  • Publish Date - January 11, 2024 / 04:02 PM IST,
    Updated On - January 11, 2024 / 04:02 PM IST

जयपुर, 11 जनवरी (भाषा) राजस्थान के पाली के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह एक बस ने एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी जिससे दो लोगों की मौत हो गई जबकि 20 स्कूली बच्चे घायल हो गये।

थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि सुरमेरपुर बाईपास पर गुजरात के महेसाणा से रामदेवरा भ्रमण पर जा रही एक स्कूल बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। उन्होंने बताया कि हादसे में बस सवार प्रकाश (60) और विपुल भाई (25) की मौत हो गई जबकि 20 स्कूली बच्चे घायल हो गये।

थानाधिकारी ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण पर रामदेवरा जा रही बस में स्कूल के बच्चे, अध्यापक, स्टाफ सहित 52 लोग सवार थे।

सिंह ने बताया कि 11 घायल बच्चों को शिवगंज अस्पताल ले जाया गया जबकि गंभीर रूप से ज़ख्मी नौ बच्चों को सिरोही रेफर किया गया है।

सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से सड़क किनारे करवा कर यातायात का सुचारू संचालन शुरू कराया गया।

उन्होंने बताया, “ शवों को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है। परिजनों के यहां पहुंचने पर उनका पोस्टमार्टम कराया जायेगा।”

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा कुंज नोमान

नोमान