राजस्थान:वायुसेना भर्ती की तैयारी कर रही एक युवती को तेज रफ्तार ‘एसयूवी’ कार ने कुचला, मौत हुई
राजस्थान:वायुसेना भर्ती की तैयारी कर रही एक युवती को तेज रफ्तार ‘एसयूवी’ कार ने कुचला, मौत हुई
जयपुर, 22 जनवरी (भाषा) भारतीय वायुसेना में भर्ती की तैयारी कर रही 18 साल की एक युवती की जयपुर-दिल्ली राजमार्ग पर सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक बुधवार को ‘एक्सप्रेस वे’ पर शांति बाग हनुमान मंदिर के पास झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जी की अनाया शर्मा को एक तेज रफ्तार ‘एसयूवी थार’ गाड़ी ने टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार अनाया झोटवाड़ा में किराये के मकान में रह रही थी और वायुसेना की शारीरिक परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक शर्मा ने हाल ही में लिखित परीक्षा पास की थी।
थानाधिकारी रामकृपाल मीणा ने बताया कि अनाया सड़क किनारे अपनी एक सहेली के साथ ‘जॉगिंग’ कर रही थी जो पीछे रह गई।
मीणा के मुताबिक अनाया उसका इंतजार कर रही थी कि उसी बीच अजमेर रोड की ओर से आ रही ‘एसयूवी’ वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
थानाधिकारी ने कहा कि अनाया को तत्काल एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि चालक ‘दादी का फाटक’ के पास गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया तथा गाड़ी को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक चालक को तलाशा जा रहा है।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार

Facebook


