जयपुर, 11 मई (भाषा) राजस्थान के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जल जीवन मिशन (जेजेएम) में 960 करोड़ रुपए के कथित घोटाले के मामले में संजय बड़ाया को गिरफ्तार किया है।
बडाया को गत कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे महेश जोशी का करीबी माना जाता है।
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि आरोपी बड़ाया को आज तड़के दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया और जयपुर लाया गया। उन्होंने बताया कि एसीबी की टीम ने बड़ाया को थाईलैंड से लौटने के बाद दिल्ली हवाई अड्डे से हिरासत में लिया था।
एसीबी के अनुसार, बडाया पर इस कथित घोटाले का मुख्य साजिशकर्ता होने का संदेह है और उस पर इस मामले में बिचौलिए की भूमिका निभाने का आरोप है। इस मामले में तीन आरोपी अभी भी फरार हैं।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इससे पहले 2024 में बड़ाया को गिरफ्तार किया था। बाद में उच्चतम न्यायालय ने उसे जमानत दे दी थी। एसीबी ने इस कथित घोटाले के सिलसिले में सात मई को पूर्व मंत्री महेश जोशी को गिरफ्तार किया था।
भाषा पृथ्वी मनीषा
मनीषा