राजस्थान के कृषि मंत्री ने जीतू मुंडा के परिवार को एक माह का वेतन देने की घोषणा की

Ads

राजस्थान के कृषि मंत्री ने जीतू मुंडा के परिवार को एक माह का वेतन देने की घोषणा की

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 08:36 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 08:36 PM IST

जयपुर, 29 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने ओडिशा के कथित ‘कंकाल प्रकरण’ को सभ्य समाज के माथे पर कलंक करार देते हुए बुधवार को कहा कि “जीतू मुंडा का दर्द मेरा दर्द है”।

उन्होंने अपने एक माह का वेतन मुंडा के परिवार को देने की घोषणा की।

उल्लेखनीय है कि ओडिशा के क्योंझर जिले में जीतू मुंडा द्वारा बैंक से पैसे निकालने के लिए अपनी बहन का कंकाल लेकर जाने और उसे मृत्यु के प्रमाण के रूप में प्रस्तुत करने की घटना सामने आई है। सोमवार को ओडिशा ग्रामीण बैंक की मालीपोसी शाखा से कंकाल ले जाते हुए मुंडा का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था।

मीणा ने इस वीडियो को ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा, “जीतू मुंडा की बेबसी और पीड़ा देखकर कलेजा कांप उठा। एक गरीब आदिवासी के साथ कागजी खानापूर्ति के नाम पर इस तरह की प्रताड़ना किसी भी सभ्य समाज के माथे पर कलंक है।”

इस मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए उन्होंने मोहन चरण माझी से आग्रह किया कि इस प्रकरण में तत्काल और सख्त कदम उठाए जाएं।

मीणा ने कहा, “जीतू मुंडा का दर्द मेरा दर्द है, उनकी पीड़ा मेरी पीड़ा है। मेरा कर्तव्य है कि संकट की इस घड़ी में मैं उनके साथ खड़ा रहूं। मैं अपना एक माह का वेतन उनके परिवार को समर्पित करूंगा और यह राशि शीघ्र ही उन्हें उपलब्ध कराई जाएगी।”

उन्होंने कहा कि समाज का दायित्व है कि भविष्य में ऐसे लोग स्वयं को असहाय महसूस न करें।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत