राजस्थान: नाहरगढ़ जैविक उद्यान से ‘बार्किंग डियर’ गायब, तलाश में जुटीं चार टीमें

Ads

राजस्थान: नाहरगढ़ जैविक उद्यान से ‘बार्किंग डियर’ गायब, तलाश में जुटीं चार टीमें

  •  
  • Publish Date - April 2, 2026 / 10:23 PM IST,
    Updated On - April 2, 2026 / 10:23 PM IST

जयपुर, दो अप्रैल (भाषा) राजस्थान के जयपुर स्थित नाहरगढ़ जैविक उद्यान से एक ‘बार्किंग डियर’ दो दिन से लापता है लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। वनविभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि ‘बार्किंग डियर’ की तलाश के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो उद्यान परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन खोज अभियान चला रही हैं।

उद्यान के सहायक वन संरक्षक देवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि दो दिन पहले ‘बार्किंग डियर’ अपने बाड़े में मौजूद नहीं था, जिसके बाद हड़कंप मच गया।

वन विभाग के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह बाड़े से बाहर कैसे निकला।

नाहरगढ़ जैविक उद्यान से किसी वन्यजीव का इस तरह गायब होना अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाता है।

हालांकि, विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार खोजबीन में जुटा हुआ है।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र