राजस्थान : प्रधानमंत्री पर राहुल गांधी के बयान के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन
राजस्थान : प्रधानमंत्री पर राहुल गांधी के बयान के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन
जयपुर, 21 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर दिए गए कथित बयान के विरोध में प्रदर्शन किया और उनका पुतला जलाया।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधी के खिलाफ नारे लगाए और प्रधानमंत्री को निशाना बनाने वाले उनके कथित बयान की निंदा की।
भाजपा राजस्थान अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणियों को लेकर जनता में व्यापक आक्रोश है।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री ने अपना जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित किया है। अपनी मां के अंतिम संस्कार के तुरंत बाद उन्होंने देश के विकास कार्यों को फिर से आगे बढ़ाया।”
राठौड़ ने कहा कि “देशद्रोही” जैसे शब्दों का इस्तेमाल उस नेता के लिए करना, जिसके परिवार में 140 करोड़ भारतीय शामिल हैं, अनुचित है और इससे जनभावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने कहा, “लोग स्वाभाविक रूप से ऐसे बयानों से नाराज हैं। केवल पुतले जलाना और नारे लगाना ही पर्याप्त नहीं है। हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनजागरण अभियान चलाएंगे।”
राठौड़ ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता से अपील करेंगे कि ऐसे आपत्तिजनक बयान देने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग राजनीति के योग्य नहीं हैं।
उन्होंने कहा, “राजनीतिक विरोध हो सकता है, लेकिन इस तरह की अपमानजनक और निम्न स्तरीय भाषा का इस्तेमाल देश बर्दाश्त नहीं करेगा।”
भाजपा नेता ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह कठिन समय में सहयोग करने के बजाय सरकार की आलोचना कर रहा है और अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है।
राठौड़ ने कहा, “विपक्ष की वर्तमान भूमिका निंदनीय है। जो राजनीति के स्तर को गिरा रहे हैं उन्हें सामाजिक बहिष्कार का सामना करना चाहिए।”
भाषा बाकोलिया मनीषा
मनीषा

Facebook


