राजस्थान : मुख्यमंत्री शर्मा ने हेल्पलाइन नंबर से परिवादियों की समस्याएं सुनीं

Ads

राजस्थान : मुख्यमंत्री शर्मा ने हेल्पलाइन नंबर से परिवादियों की समस्याएं सुनीं

  •  
  • Publish Date - January 30, 2026 / 06:41 PM IST,
    Updated On - January 30, 2026 / 06:41 PM IST

जयपुर, 30 जनवरी (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को राजस्थान संपर्क ‘हेल्पलाइन 181’ का निरीक्षण किया और इस दौरान उन्होंने स्वयं परिवादियों से बातकर उनकी समस्याएं सुनीं।

अधिकारियों के अनुसार, राजस्थान संपर्क ‘हेल्पलाइन 181’ के माध्यम से जनता की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री शर्मा समय-समय पर इस हेल्पलाइन का निरीक्षण करते हैं ताकि परिवादियों को तुरंत राहत मिल सके।

शुक्रवार को शासन सचिवालय स्थित हेल्पलाइन का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने आमजन से सीधा संवाद किया। उन्होंने हेल्पलाइन पर फोन करने वालों से बातचीत की, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में आम लोगों से सुझाव प्राप्त किए।

आधिकारिक बयान के अनुसार, इस दौरान मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली और शिकायत पंजीकरण की पूरी जानकारी ली।

शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर आने वाली समस्याओं की अधिक से अधिक निगरानी हो, ताकि परिवादी की समस्या का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

भाषा पृथ्वी रवि कांत खारी

खारी