राजस्थान कांग्रेस ने नगरीय निकाय चुनाव के दौरान भाजपा विधायक पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया
राजस्थान कांग्रेस ने नगरीय निकाय चुनाव के दौरान भाजपा विधायक पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया
जयपुर, नौ सितंबर (भाषा) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक हरिसिंह रावत पर राजसमंद जिले में जारी नगरीय निकाय चुनाव के दौरान मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने सोशल मीडिया मंचों पर एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के भीम विधायक लोगों को धमका रहे हैं कि यदि उन्होंने उनके पसंदीदा उम्मीदवार को वोट नहीं दिया तो उनके घर और दुकानें तोड़ दी जाएंगी।
कथित वीडियो में रावत लोगों के एक समूह से यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि यदि उनका उम्मीदवार चुनाव नहीं जीतता है तो वे विकास की उम्मीद न करें। साथ ही, विधायक को वीडियो में उनके खिलाफ मतदान करने वालों को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वे उनका ‘‘रिकॉर्ड खोल देंगे।’’
वीडियो में उन्हें कथित तौर पर यह कहते हुए भी सुना जा सकता है कि बाद में यदि उनकी दुकान या घर तोड़े जाएं तो लोग उनके पास शिकायत लेकर ना आएं।
चार बार के विधायक रावत कथित तौर पर यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि यदि उनके वार्ड से कोई सदस्य नगर परिषद के लिए निर्वाचित नहीं हुआ तो वह ऐसी कार्रवाई के संबंध में आने वाली शिकायतों पर ध्यान नहीं देंगे।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने ढाई साल के कार्यकाल में विकास कार्य कराने में ‘‘विफल’’ रही है और अब लोगों के घरों तथा आजीविका को लेकर धमकी देकर ‘डर और दबाव’ की राजनीति कर रही है।
पीसीसी ने कहा कि राजस्थान की जनता अपने वोट के जरिए इस तरह की ‘तानाशाही’ का जवाब देगी।
विधायक रावत से उनकी प्रतिक्रिया के लिए संपर्क नहीं हो सका।
भाषा बाकोलिया अमित
अमित

Facebook


