राजस्थान : कांग्रेस विधायक ने तहसीलदार के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया

Ads

राजस्थान : कांग्रेस विधायक ने तहसीलदार के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 08:01 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 08:01 PM IST

जयपुर, 14 फरवरी (भाषा) राजस्थान में कांग्रेस के विधायक दीनदयाल बैरवा ने एक तहसीलदार द्वारा उनके साथ कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ विधानसभा अध्यक्ष को विशेषाधिकार हनन लाने का नोटिस दिया है।

दौसा से विधायक बैरवा ने कांग्रेस के अन्य विधायकों के साथ मिलकर यह नोटिस विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के समक्ष पेश किया। पार्टी नेताओं के अनुसार देवनानी ने इस नोटिस को स्वीकार कर लिया है और बैरवा को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

विधायक ने कहा, ”यह सिर्फ मेरा अपमान नहीं है, बल्कि सभी 200 विधायकों और यहां तक कि सदन के सदस्य, विधानसभा अध्यक्ष का भी अपमान है।”

उन्होंने कहा, “किसी चुने हुए प्रतिनिधि के साथ अधिकारी का ऐसा बर्ताव गंभीर मामला है।”

यह मामला अब विधानसभा की विशेषाधिकार समिति को भेजा जा सकता है, जो तहसीलदार और दूसरे संबंधित अधिकारियों को पूछताछ के लिए बुला सकती है।

अधिकारियों के अनुसार अगर अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ निलंबन या वेतन वृद्धि पर रोक जैसी कार्रवाई हो सकती है।

बैरवा ने आरोप लगाया कि यह घटना दो फरवरी को हुई थी और संबद्ध तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई की उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया। कांग्रेस ने इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया था।

भाषा

पृथ्वी

रवि कांत