राजस्थान: कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए नीरज डांगी को अपना प्रत्याशी बनाया

Ads

राजस्थान: कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए नीरज डांगी को अपना प्रत्याशी बनाया

  •  
  • Publish Date - June 5, 2026 / 12:24 AM IST,
    Updated On - June 5, 2026 / 12:24 AM IST

जयपुर, चार जून (भाषा) कांग्रेस ने राजस्थान से राज्यसभा की सीट के लिए होने वाले चुनाव में मौजूदा सांसद नीरज डांगी को प्रत्याशी बनाने का फैसला किया है।

पार्टी की विज्ञप्ति के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राजस्थान से राज्यसभा की सीट के लिए इस महीने होने वाले चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर डांगी के नाम को मंजूरी दे दी है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डांगी इस समय राज्यसभा के सदस्य हैं। पेशे से इंजीनियर डांगी ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान-कर्नाटक ( एनआईटी-कर्नाटक) से सिविल इंजीनियरिंग में बीई की डिग्री हासिल की है।

वह दो दशकों से अधिक समय से कांग्रेस से जुड़े हैं और उन्होंने राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सहित कई प्रमुख सांगठनिक पदों पर काम किया है। वह 2020 में राजस्थान से राज्यसभा के लिए चुने गए थे।

उनके पिता दिवंगत दिनेश डांगी राज्य मंत्री रह चुके हैं।

दूसरी ओर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य से राज्यसभा की सीटों पर चुनाव के लिए पार्टी के हरियाणा प्रभारी सतीश पूनियां और राष्ट्रीय महासचिव अलका गुर्जर को उम्मीदवार घोषित किया।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान से राज्यसभा की तीन सीट के लिए चुनाव की प्रकिया सोमवार को शुरू हुई। नामांकन पत्र आठ जून तक भरे जा सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच नौ जून को होगी जबकि 11 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

जरूरी होने पर मतदान 18 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा जबकि वोटों की गिनती उसी दिन शाम पांच बजे शुरू होगी। चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी हो जाएगी।

राज्य से राज्यसभा के तीन सदस्यों का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है जिसके मद्देनजर यह चुनाव करवाया जाएगा। जिन सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है उनमें कांग्रेस के नीरज डांगी और भारतीय जनता पार्टी के राजेंद्र गहलोत तथा रवनीत सिंह शामिल हैं।

राजस्थान में राज्यसभा की कुल 10 सीटें हैं। फिलहाल इनमें भाजपा और कांग्रेस के पांच-पांच सदस्य हैं।

राज्य की 200 सदस्यीय विधानसभा में पार्टियों की मौजूदा स्थिति को देखते हुए भाजपा के उक्त तीन में से दो सीट जीतने की उम्मीद है जबकि कांग्रेस को एक सीट मिलने की संभावना है। राज्य विधानसभा में भाजपा के 118 विधायक हैं तथा कांग्रेस के 67 सदस्य हैं। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी के दो विधायक, भारत आदिवासी पार्टी के चार विधायक, राष्ट्रीय लोक दल का एक विधायक है। आठ सीटों पर निर्दलीय विधायक हैं।

भाषा पृथ्वी

धीरज

धीरज