चेन्नई, 22 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व नेता के. अन्नामलाई ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के मुद्दे पर बुधवार को भाजपा नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि तीन बार प्रश्नपत्र लीक होने के बावजूद किसी की जवाबदेही तय नहीं की गई।
अन्नामलाई ने यह सवाल भी किया कि केंद्र सरकार ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू करने में इतनी देर क्यों की।
‘वी द लीडर्स’ आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अन्नामलाई ने सवाल किया कि सार्थक संवाद शुरू करने में देरी क्यों की गई और सरकार आखिर किस बात का इंतजार कर रही थी।
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘मैं भाजपा नीत केंद्र सरकार से आग्रह करता हूं कि वह सार्थक संवाद करे, पारदर्शिता बनाए रखे और उठाई गई चिंताओं के समाधान के लिए शीघ्र एवं उचित कदम उठाए। किसी भी राष्ट्र की ताकत इस बात में निहित होती है कि उसके युवा उसकी संस्थाओं पर कितना भरोसा करते हैं। यदि हमारे छात्रों का शिक्षा व्यवस्था की निष्पक्षता और विश्वसनीयता से विश्वास उठ गया है, तो ऐसी स्थिति हमारे देश के भविष्य को खतरे में डालने जैसी होगी।’’
भाषा अमित अविनाश
अविनाश