जैसलमेर, सात मार्च (भाषा) सेना की दक्षिण कमान की ‘बैटल एक्स’ डिवीजन ने मिलिट्री-सिविल फ्यूजन (एमसीएफ) अभियान के तहत राजस्थान के जैसलमेर में ड्रोन नवोन्मेष पर शनिवार को संवाद कार्यकम आयोजित किया। सेना के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
सेना के प्रवक्ता के अनुसार इस कार्यक्रम में उद्योग, प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और भारतीय सेना के 50 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस पहल का उद्देश्य सशस्त्र बलों, उद्योग और अकादमी के बीच सहयोगात्मक संवाद को बढ़ावा देना था ताकि उभरती रक्षा प्रौद्योगिकियों और क्षमता विकास का समर्थन किया जा सके।
इसके अनुसार इस संवाद ने प्रतिभागियों को एक मंच प्रदान किया जिससे ड्रोन नवोन्मेष, कौशल विकास और उभरती रक्षा प्रौद्योगिकियों पर विचार-विमर्श किया जा सके। प्रतिभागियों ने इस पर चर्चा की कि कैसे क्षेत्रीय प्रतिभा, शोध क्षमताओं और औद्योगिक नवाचार को भारतीय सशस्त्र बलों की बदलती तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप समायोजित किया जा सकता है।
भाषा
पृथ्वी
रवि कांत