जयपुर, तीन मार्च (भाषा) राजस्थान के भरतपुर जिले में सारस चौराहे पर सोमवार रात 12 बजे आगरा से जयपुर की ओर जा रहे एक ट्रेलर के पलटने से उसमें आग लग गई, जिसके कारण ट्रेलर के चालक की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अजमेर के करड़ाला गांव निवासी 30 वर्षीय विरदी चंद गुर्जर के रूप में हुई। ट्रेलर कोयले से भरा हुआ था।
मथुरा गेट थाना पुलिस ने बताया कि कोयले से भरा हुआ ट्रेलर तेज गति से आगरा से जयपुर की ओर जा रहा था। सारस चौराहे मोड़ पर ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। पलटने के बाद ट्रेलर का डीजल सड़क पर फैल गया और अचानक उसमें आग लग गई।
पुलिस ने बताया कि इस दौरान चालक ट्रेलर में ही फंसा रह गया। आस-पास के लोगों और पुलिस ने चालक को निकालने की कोशिश की लेकिन ट्रेलर में फंसकर जलने से उसकी मौत हो गयी। बाद में पुलिस अधिकारी और अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
पुलिस ने शव को आरबीएम चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखवाया है।
भाषा
बाकोलिया
रवि कांत