जयपुर, 19 मई (भाषा) राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में आठ महीने की एक बच्ची जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। आरोप है कि बच्ची की मां ने ही उसे जानबूझकर तेजाब पिला दिया।
पुलिस ने बताया कि यह घटना भिवाड़ी इलाके में हुई। पुलिस ने बताया कि सोमवार को घटना के समय पीड़ित बच्ची के पिता मोहित काम पर गए हुए थे, इसी दौरान उसकी मां ने उसे कथित तौर पर तेजाब पिला दिया। पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार शाम बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उसे तुरंत भिवाड़ी केसरकारी अस्पताल ले गए और वहां से वे उसे एक निजी अस्पताल ले गए।
सहायक उप निरीक्षक वेद प्रकाश ने मंगलवार को बताया कि पुलिस को बच्ची के बारे में जानकारी अस्पताल से मिली, जिसके बाद वे अस्पताल गए और मामले के बारे में पूछताछ की।
उन्होंने कहा, ‘पिता ने शुरुआती तौर पर अपनी पत्नी पर आरोप लगाया है कि उसने अपनी बेटी को ज़बरदस्ती तेजाब पिलाया। बच्ची ‘वेंटिलेटर’ पर है।’ उन्होंने कहा कि लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि बच्ची की हालत गंभीर है।
भाषा पृथ्वी
मनीषा अमित
अमित