राजस्थान : डकैत जगन गुर्जर के परिजनों ने दिया धरना, हत्या की सीबीआई जांच की मांग
राजस्थान : डकैत जगन गुर्जर के परिजनों ने दिया धरना, हत्या की सीबीआई जांच की मांग
जयपुर, 30 जून (भाषा) राजस्थान में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर के परिजनों ने बुधवार को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के मुर्दाघर के बाहर धरना दिया। परिजनों ने शव लेने से इनकार करते हुए अजमेर की उच्च सुरक्षा वाली जेल में हुई हत्या की सीबीआई जांच की मांग की।
गुर्जर के परिजनों ने आरोप लगाया कि इस घटना में जेल प्रशासन की मिलीभगत है और सुरक्षा में हुई कथित चूक के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
जगन गुर्जर के बेटे आसाराम ने संवाददाताओं से कहा कि परिवार ने अपनी मांगें प्रशासन के समक्ष रख दी हैं और जब तक ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘हम सीबीआई जांच चाहते हैं। यह एक साजिश लगती है। हमें पता चला है कि जेल के सीसीटीवी कैमरे बंद थे। सुबह मेरे पिता और आरोपी के बीच विवाद हुआ था, फिर दोनों को एक ही बैरक में क्यों रखा गया?’
आसाराम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अजमेर की उच्च सुरक्षा वाली जेल में बंद जगन गुर्जर के भाई को धौलपुर जेल स्थानांतरित करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि जांच के तहत उसके बयान भी दर्ज किए जाने चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि उनके पिता ने कभी परिवार को किसी अन्य बंदी के साथ गंभीर विवाद की जानकारी नहीं दी थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिता जगन गुर्जर को पहले शस्त्र अधिनियम के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और करीब तीन महीने पहले उसे अजमेर जेल में स्थानांतरित किया गया था।
परिवार के एक अन्य सदस्य प्रह्लाद सिंह खटाना ने कहा, ‘जेल प्रशासन की ओर से लापरवाही हुई है। जेल अधीक्षक और अन्य अधिकारियों की भूमिका की जांच होनी चाहिए। इस घटना से अन्य बंदियों के परिवारों में भी डर का माहौल है। यदि उच्च सुरक्षा वाली जेल के भीतर जगन गुर्जर के साथ ऐसा हो सकता है, तो अन्य कैदी भी सुरक्षित नहीं हैं।’
परिजनों ने हत्या की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने, सुरक्षा के मद्देनजर जगन गुर्जर के भाई को अजमेर जेल से धौलपुर जेल स्थानांतरित करने तथा लापरवाही के दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
धरना समाप्त कराने के प्रयास में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत की। धरने को देखते हुए अस्पताल परिसर और आस-पास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
उल्लेखनीय है कि जगन गुर्जर की सोमवार को अजमेर की उच्च सुरक्षा वाली जेल के भीतर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, सहबंदी विष्णु ने बैरक के भीतर तौलिये से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। मामले की जांच जारी है।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत

Facebook


