राजस्थान: प्रतापगढ़ में अवैध खनन रोकने पहुंचे वन रेंजर को डंपर से कुचला, मौत
राजस्थान: प्रतापगढ़ में अवैध खनन रोकने पहुंचे वन रेंजर को डंपर से कुचला, मौत
जयपुर, 22 सितंबर (भाषा) राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में अवैध खनन रोकने का प्रयास कर रहे एक वन रेंजर को डंपर ने कथित तौर पर कुचल दिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना सोमवार देर रात छोटी सादड़ी के वन क्षेत्र में हुई, जहां अवैध खनन की सूचना मिलने पर वन रेंजर प्रताप सिंह चूंडावत और एक वनरक्षक मौके पर पहुंचे थे।
अधिकारियों के अनुसार, चूंडावत ने मिट्टी लेकर जा रहे एक डंपर को रोकने का प्रयास किया।
उन्होंने बताया कि डंपर चालक ने चूंडावत की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और कई मीटर तक घसीटने के बाद मौके से फरार हो गया।
अधिकारी ने बताया कि घायल वन रेंजर को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें निम्बाहेड़ा के जिला अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) सुरेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि वन क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम कार्रवाई के लिए मौके पर गई थी।
उन्होंने बताया, ‘‘एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया जबकि डंपर को अभी जब्त नहीं किया जा सका है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।’’
अग्रवाल ने बताया कि विभाग ने चूंडावत को शहीद का दर्जा देने की मांग की है। अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद डंपर चालक और खुदाई में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई जेसीबी का ऑपरेटर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय निकाय चुनाव ड्यूटी का हवाला देते हुए पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


