राजस्थान: उत्तर प्रदेश के चार पुलिसकर्मी 2.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार
राजस्थान: उत्तर प्रदेश के चार पुलिसकर्मी 2.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार
जयपुर, 18 अगस्त (भाषा) राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश पुलिस के चार कर्मियों को सीकर में 2.80 लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक उपनिरीक्षक भी शामिल है।
ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि आरोपी उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के साइबर अपराध थाने में तैनात हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान उपनिरीक्षक यशवंत सिंह, कांस्टेबल पवन त्रिपाठी, सोहनलाल और गौरव चिराग के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि अयोध्या के साइबर अपराध थाने में दर्ज एक मामले से उसके भाई का नाम हटाने के बदले आरोपी पुलिसकर्मी रिश्वत मांग रहे थे।
शिकायत के सत्यापन के दौरान कांस्टेबल गौरव चिराग ने परिवादी से चार लाख रुपये की मांग की और अंत में 2.80 लाख रुपये तय हुए।
ब्यूरो के अनुसार, कांस्टेबल सोहनलाल ने उपनिरीक्षक यशवंत सिंह, कांस्टेबल पवन त्रिपाठी, गौरव चिराग की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 2.80 लाख रुपये लिए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी की टीम ने चारों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


