जयपुर, 19 अगस्त (भाषा) राजस्थान सरकार ने आठ जिलों के उप जिला चिकित्सालयों के भवन निर्माण के लिए 280 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि राज्य में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आठ उप जिला चिकित्सालयों के भवन निर्माण के लिए कुल 280 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
इसके तहत प्रत्येक उप जिला चिकित्सालय के भवन निर्माण के लिए 35 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य आमजन को उनके नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में अस्पतालों के भवन, चिकित्सा सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों को मजबूत किया जा रहा है।
विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि इन उप जिला चिकित्सालयों के भवन निर्माण के लिए सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर), बिलाड़ा (जोधपुर), देचू (फलोदी), खाजूवाला (बीकानेर), प्रतापपुर (बांसवाड़ा), रायपुर (ब्यावर), खण्डार (सवाई माधोपुर) और छबड़ा (बारां) को चुना गया और प्रत्येक के लिए 35 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
इससे संबंधित क्षेत्रों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ मरीजों को बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
भाषा पृथ्वी मनीषा
मनीषा