केवल अपनी छवि चमकाने में लगी है राजस्थान सरकार: नेता प्रतिपक्ष जूली

Ads

केवल अपनी छवि चमकाने में लगी है राजस्थान सरकार: नेता प्रतिपक्ष जूली

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 12:26 AM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 12:26 AM IST

जयपुर, आठ मई (भाषा) राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शुक्रवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि सरकार केवल अपनी छवि चमकाने में लगी है, जबकि जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘आज प्रदेश में हालात ‘रोम जल रहा है और नीरो बांसुरी बजा रहा है’ जैसे हो गए हैं। मुख्यमंत्री केवल स्वागत-सत्कार और दौरों में व्यस्त हैं, जबकि आम जनता मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है।’’

नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के दौरों और कार्यक्रमों का एकमात्र उद्देश्य अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को यह विश्वास दिलाना है कि वह बहुत लोकप्रिय हैं और पूरे प्रदेश में उनकी पकड़ है लेकिन असलियत में जनसमस्याएं वैसी की वैसी ही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘सरकार केवल अपनी छवि चमकाने में लगी है, जबकि प्रदेश की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।’’

प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर कटाक्ष करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कोटा में दो प्रसूताओं की मौत और अन्य महिलाओं की बिगड़ती तबीयत ने सरकारी दावों की पोल खोल दी है।

जूली ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतंत्र का गला घोंटने पर आमादा है। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव समय पर नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी विकास पूरी तरह ठप हो गया है।

भाषा पृथ्वी आशीष

आशीष