राजस्थान: जिला एकेडमिक रैंकिंग में झुंझुनू पहले स्थान पर

Ads

राजस्थान: जिला एकेडमिक रैंकिंग में झुंझुनू पहले स्थान पर

  •  
  • Publish Date - February 9, 2026 / 01:42 PM IST,
    Updated On - February 9, 2026 / 01:42 PM IST

जयपुर, नौ फरवरी (भाषा) राजस्थान के स्कूल शिक्षा विभाग ने जनवरी 2026 की जिला एकेडमिक रैंकिंग जारी की है जिसमें झुंझुनू जिला पहले स्थान पर रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

विभाग के अनुसार, यह रैंकिंग सभी जिलों के शैक्षणिक परिणामों, विद्यालयों के दैनिक संचालन और शासन संकेतकों में प्रदर्शन का समग्र आकलन करती है। ताजा रैंकिंग में झुंझुनूं और हनुमानगढ़ शीर्ष जिलों में शामिल रहे हैं जबकि चूरू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

विभाग के सचिव (शासन) कृष्ण कुणाल ने बताया कि इस रैंकिंग में छात्रों की नियमित उपस्थिति, कक्षा में शिक्षण की गुणवत्ता व शैक्षणिक मूल्यांकन में विद्यार्थियों के प्रदर्शन जैसे प्रमुख मानकों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि सीखने के परिणामों पर बढ़ते जोर और उच्च स्तर पर नियमित प्रदर्शन समीक्षाओं के साथ जिला रैंकिंग स्कूल शिक्षा प्रणाली में जवाबदेही, लक्षित सहयोग और निरंतर सुधार लाने का एक प्रभावी माध्यम बन रही है।

इस वर्ष शैक्षणिक रूप से सीखने के परिणामों को औपचारिक रूप से रैंकिंग का हिस्सा बनाया गया है। इसमें अन्य बातों के साथ ही बोर्ड परीक्षा के नतीजों को विशेष महत्व दिया गया है ताकि जिलों का प्रदर्शन न केवल प्रशासनिक दक्षता बल्कि शैक्षणिक प्रभाव को भी दर्शा सके।

कुणाल ने बताया कि ताजा रैंकिंग के अनुसार झुंझुनूं और हनुमानगढ़ ने अपना शीर्ष स्थान बनाए रखा है। तीसरे पायदान पर चूरू रहा, जिसने गंगानगर को पीछे छोड़ा। सीकर, भरतपुर और खैरतल-तिजारा क्रमशः चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहे। बांसवाड़ा और जैसलमेर सबसे निचले पायदान पर हैं।

भाषा पृथ्वी गोला

गोला