जयपुर, 20 जून (भाषा) राजस्थान के 66 लाख से अधिक किसानों के खातों में शनिवार को ‘पीएम किसान सम्मान निधि’ की 23 वीं किस्त आई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल से ‘पीएम किसान सम्मान निधि’ की 23वीं किस्त जारी की और देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में राशि हस्तांतरित की। इस अवसर पर राजस्थान के 66 लाख से अधिक किसानों के खातों में भी 1,320 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंची।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पाली जिले के सुमेरपुर स्थित टाउन हॉल से वीडियो कान्फ्रेंस के जरिये प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़े और उनके संबोधन को सुना।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का किसान आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 में योजना शुरू होने के बाद से अब तक देशभर के किसानों के खातों में 4.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।
भाषा पृथ्वी शफीक
शफीक