राजस्थान: गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण लगी आग में मां और दो बेटियों की मौत

Ads

राजस्थान: गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण लगी आग में मां और दो बेटियों की मौत

  •  
  • Publish Date - May 10, 2026 / 09:22 PM IST,
    Updated On - May 10, 2026 / 09:22 PM IST

जयपुर, 10 मई (भाषा) राजस्थान के ब्यावर जिले में रविवार को एक घर में गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण लगी आग में एक महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना रेलड़ा ग्राम पंचायत के अंतर्गत काणेचा उदावतान गांव में हुई, जहां एक दुकान के भीतर बने रसोईघर में आग लग गई।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान मनीषा (28), नविया (आठ) और पल्लवी (पांच) के रूप में हुई है।

सेंदड़ा थानाधिकारी हरिराम जाट ने बताया कि मनीषा चाय बनाने के लिए रसोई में गई थीं और जैसे ही उसने गैस जलाई, सिलेंडर से रिसाव के कारण अचानक आग भड़क उठी।

उन्होंने बताया कि आग तेजी से फैल गई और पूरे रसोईघर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे महिला और उसकी बेटियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

पुलिस ने बताया कि अग्निशमन विभाग ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र