राजस्थान: सूर्यकिरण और सारंग टीम के करतबों से रोमांचित हुए जयपुर के लोग

Ads

राजस्थान: सूर्यकिरण और सारंग टीम के करतबों से रोमांचित हुए जयपुर के लोग

  •  
  • Publish Date - February 20, 2026 / 06:56 PM IST,
    Updated On - February 20, 2026 / 06:56 PM IST

जयपुर, 20 फरवरी (भाषा) भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम और ‘सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम’ ने शुक्रवार को जयपुर के विख्यात जल महल के ऊपर अपने करतबों से लोगों को रोमांचित किया।

शहर और आसपास के गांव-कस्बों के हजारों लोगों ने जलमहल की पाल के साथ-साथ आसपास की इमारतों व अन्य जगहों से इस ‘एयर शो’ को देखा।

दोपहर बाद आयोजित इस ‘एयर शो’ की शुरुआत में सारंग हेलिकॉप्टर टीम के पांच ‘एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर’ ध्रुव ने आसमान में करतब दिखाए।

पायलटों ने बेहतर तालमेल व कलाबाजियों से लोगों की तालियां बटोरीं।

इसके बाद ‘सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम’ ने नौ हॉक एमके-132 विमानों के साथ अनेक तरह के करतब दिखाए।

पायलटों ने विमान के बीच पांच मीटर की दूरी बनाए रखते हुए बहुत सटीक करतब दिखाए।

टीम ने हवाई कौशल, अनुशासन, तालमेल और टीमवर्क का अद्भुत प्रदर्शन किया, जिसे देख लोगों ने दांतो तले उंगली दबा ली।

‘एयर शो’ को देखने के लिए बड़ी संख्या में नौजवान, विद्यार्थी, एनसीसी के कैडेट भी मौजूद थे।

इस शो में हिस्सा लेने वाले तीन पायलट विंग कमांडर राजेश काजला, विंग कमांडर अंकित वशिष्ठ और स्क्वाड्रन लीडर संजेश सिंह जयपुर से हैं।

वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का मकसद युवाओं को सशस्त्र सेनाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना भी है।

‘सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम’ में नौ हॉक एमके-132 विमान शामिल हैं।

टीम ने देश विदेश में 800 से अधिक प्रदर्शन किए हैं और चीन, श्रीलंका, म्यामां, थाईलैंड, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भारतीय वायुसेना की पेशेवर क्षमता का प्रतिनिधित्व किया है।

इस अवसर पर मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी मौजूद थे।

इस आयोजन को देखते हुए सुरक्षा व यातायात के प्रबंधन के लिए बड़ी संख्या में अधिकारी व जवान लगाए गए थे।

दोनों टीमें रविवार को भी यहां प्रदर्शन करेंगी।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र