राजस्थान: एसडीजी लक्ष्यों को हासिल करने दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा की गई
राजस्थान: एसडीजी लक्ष्यों को हासिल करने दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा की गई
जयपुर, 29 जुलाई (भाषा) सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) की राज्य स्तरीय क्रियान्वयन एवं निगरानी समिति की बैठक बुधवार को यहां मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में हुई।
उन्होंने वर्ष 2030 तक निर्धारित एसडीजी लक्ष्यों की राज्य में प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को नीति आयोग और राज्य संकेतकों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के अनुसार मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य ने पोषण, पेयजल सहित कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है जबकि कुछ क्षेत्रों में अभी और सुधार की आवश्यकता है।
उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं एवं गतिविधियों को समन्वित करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आयोजना विभाग को सभी संबंधित विभागों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करके वास्तविक एवं प्रमाणिक आंकड़े हासिल करने के निर्देश दिए ताकि एसडीसी प्रगति रिपोर्ट राज्य की वास्तविक स्थिति को दर्शा सके।
उन्होंने वर्ष 2025-26 तक के नवीनतम आंकड़ों को समयबद्ध रूप से पोर्टल पर अपलोड करने, आंकड़ों की संगतता सुनिश्चित करने तथा विभागों को लक्ष्य निर्धारित करते समय उनकी व्यवहारिकता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
आधिकारिक बयान के अनुसार आयोजना विभाग के शासन सचिव रवि कुमार सुरपुर ने बताया कि राजस्थान को वर्ष 2030 तक निर्धारित 17 सतत विकास लक्ष्य तथा 248 संकेतकों पर काम करना है।
उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की प्रगति से अवगत कराया तथा बताया कि किन क्षेत्रों में राज्य निर्धारित लक्ष्य की दिशा में सही प्रगति कर रहा है और किन क्षेत्रों में अतिरिक्त प्रयासों की आवश्यकता है।
भाषा पृथ्वी जोहेब
जोहेब

Facebook


