राजस्थान: भाजपा विधायक से मारपीट का आरोप, तीन गिरफ्तार

Ads

राजस्थान: भाजपा विधायक से मारपीट का आरोप, तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 06:14 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 06:14 PM IST

जयपुर, 30 अप्रैल (भाषा) राजस्थान पुलिस ने गंगानगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक जयदीप बिहाणी से कथित तौर पर मारपीट करने के लिए तीन लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

भाजपा विधायक बिहाणी ने आरोप लगाया कि पूर्वाह्न करीब 11 बजे जवाहर नगर इलाके में एसडी बिहाणी कॉलेज में जन सुनवाई के दौरान तीन लोगों ने उन पर हमला किया था।

बिहाणी ने कहा कि सुनवाई के दौरान राजस्थान शहरी बुनियादी ढांचा विकास परियोजना (आयूआईडीपी) के एक सहायक अभियंता ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उन पर हमला किया, जिससे उनकी आंख व चेहरे पर चोटें आईं तथा उनका चश्मा भी टूट गया।

विधायक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सहायक अभियंता जगनलाल बैरवा, परियोजना प्रबंधक शाहनवाज और सोहेल परमार को गिरफ्तार किया।

परमार निजी कंपनी ‘लार्सन एंड टुब्रो’ से जुड़ा योजना प्रबंधक है। थानाधिकारी देवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि यह जांच का विषय है कि क्या विधायक द्वारा कथित तौर पर गाली गलौच किए जाने के बाद यह घटना हुई और क्या घटना के दौरान अधिकारियों पर भी हमला किया गया था।

यह जनसुनवाई पुरानी आबादी और करणपुर रोड सहित शहर के अनेक इलाकों में पेयजल आपूर्ति में दिक्कतों पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई थी।

इन इलाकों में निवासियों को कथित तौर पर पिछले कई दिनों से पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र