जयपुर, 12 जून (भाषा) राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने कई जगहों पर तेज आंधी और बारिश का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के अनेक भागों में आंधी व बारिश हो सकती है।
विभाग ने बताया कि इसके असर से 12-13 जून को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर व जोधपुर संभाग के कुछ भागों में 60-70 किलोमीटर (किमी) प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलेगी।
विभाग के मुताबिक, साथ ही कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।
विभाग ने बताया कि वहीं राज्य के कुछ भागों में आंधी व बारिश 14 से 16 जून को भी जारी रहने की संभावना है।
विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में आंधी-बारिश के असर से तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट होने का अनुमान है हालांकि, अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 40-43 डिग्री दर्ज रहने और उमस भरी गर्मी जारी रहने का अनुमान है।
विभाग ने बताया कि वहीं शुक्रवार सुबह तक चौबीस घंटे के दौरान राज्य में पूर्वी भाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और पश्चिमी भाग में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
विभाग के मुताबिक, राज्य के पश्चिमी भाग में एक से दो स्थानों पर लू चली और अधिकतम तापमान सबसे अधिक 46.0 डिग्री सेल्सियस जैसलमेर में रहा।
भाषा पृथ्वी मनीषा जितेंद्र
जितेंद्र