राजस्थान: 20 सितंबर को दोबारा होगी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा

Ads

राजस्थान: 20 सितंबर को दोबारा होगी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 09:33 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 09:33 PM IST

जयपुर, 12 मई (भाषा) राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2021 दोबारा 20 सितंबर को आयोजित की जाएगी।

आरपीएससी ने हाल ही में राज्य सरकार की सिफारिश और अदालत के आदेश के बाद परीक्षा रद्द कर दी थी।

आयोग के बयान के अनुसार, “परीक्षा 20 सितंबर, 2026 को पुनः आयोजित की जाएगी।”

बयान में कहा गया है कि केवल वही अभ्यर्थी परीक्षा में पुनः शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने 2021 की परीक्षा दी थी।

राजस्थान उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने पिछले वर्ष अगस्त में उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 को रद्द करने का आदेश दिया था। उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने इस वर्ष अप्रैल में आदेश को बरकरार रखा।

चयनित प्रशिक्षु उप निरीक्षक ने उच्चतम न्यायालय में खंडपीठ के आदेश को चुनौती दी थी, लेकिन शीर्ष अदालत ने हाल ही में उसकी विशेष अनुमति याचिका खारिज कर दी।

राजस्थान पुलिस के विशेष ऑपरेशन समूह (एसओजी) ने परीक्षा में फर्जी उम्मीदवारों और अन्य अनुचित तरीकों का इस्तेमाल करने वाले कई प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को गिरफ्तार किया था।

जिन अभ्यर्थियों का चयन नहीं हुआ था उन्होंने परीक्षा रद्द करने की मांग की थी, जबकि चयनित अभ्यर्थी इसके खिलाफ थे।

भाषा बाकोलिया जोहेब

जोहेब