राजस्थान : जैसलमेर में बुजुर्ग दंपति की हत्या के मामले में दो लोग गिरफ्तार

Ads

राजस्थान : जैसलमेर में बुजुर्ग दंपति की हत्या के मामले में दो लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 08:45 PM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 08:45 PM IST

जैसलमेर, 19 अप्रैल (भाषा) राजस्थान पुलिस ने जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ क्षेत्र में बुजुर्ग दंपति की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लूट की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि खुफिया सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेश (19) और योगेश (24) के रूप में हुई है, जो जैसलमेर के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह मोहनगढ़ क्षेत्र में एक घर से बुजुर्ग दंपति के शव बरामद किए गए थे। मृतकों की पहचान लक्षाराम (90) और उनकी पत्नी रेशमा (85) के रूप में हुई। दंपति की कोई संतान नहीं थी और वे घर में अकेले रहते थे।

लक्षाराम का शव आंगन में जबकि रेशमा का शव कमरे के भीतर मिला। पुलिस को घटनास्थल से कुछ पैरों के निशान मिले और रेशमा के पैरों से चांदी की पायलें भी गायब थीं, जिससे लूट के इरादे से हत्या की आशंका जताई गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत