बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष का हंगामा, राज्यसभा दो बजे तक स्थगित

बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष का हंगामा, राज्यसभा दो बजे तक स्थगित

बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष का हंगामा, राज्यसभा दो बजे तक स्थगित
Modified Date: July 29, 2025 / 11:42 am IST
Published Date: July 29, 2025 11:42 am IST

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण मंगलवार को राज्यसभा की बैठक शुरू होने के पंद्रह मिनट बाद ही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई।

उच्च सदन में हंगामे की वजह से आज भी शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो पाया।

बैठक शुरू होने पर उपसभापति हरिवंश ने दिव्या देशमुख को फिडे महिला शतरंज विश्व कप 2025 जीतने के लिए बधाई दी और कहा कि उन्होंने देश को गौरवान्वित किया है।

इसके बाद उन्होंने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। फिर उपसभापति ने बताया कि उन्हें नियम 267 के तहत 24 नोटिस मिले हैं जिनमें नियत कामकाज स्थगित कर बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), अन्य राज्यों में बंगाली प्रवासी श्रमिकों के साथ कथित भेदभाव, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे तथा छत्तीसगढ़ में दो ननों की गिरफ्तारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की मांग की गई है।

उपसभापति ने कहा कि ये नोटिस पीठ द्वारा पूर्व में दी गई व्यवस्था के अनुरूप नहीं हैं, इसलिए इन्हें स्वीकार नहीं किया जा सकता।

नोटिस स्वीकार नहीं किए जाने पर विपक्षी सदस्यों ने विरोध जताया और हंगामा करने लगे। उन्होंने ‘वोट की चोरी बंद करो’ जैसे नारे लगाए।

हरिवंश ने सदस्यों से अपील की कि वे सदन को सुचारु रूप से चलने दें ताकि शून्यकाल के दौरान सांसद अपने मुद्दे उठा सकें। लेकिन हंगामा जारी रहने के कारण उन्होंने 11 बजकर 14 मिनट पर बैठक को दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दिया।

भाषा

मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में