राज्यसभा चुनाव : ‘क्रॉस वोटिंग’ करने पर कांग्रेस ने हरियाणा के चार विधायकों को नोटिस जारी किया

राज्यसभा चुनाव : ‘क्रॉस वोटिंग’ करने पर कांग्रेस ने हरियाणा के चार विधायकों को नोटिस जारी किया

राज्यसभा चुनाव : ‘क्रॉस वोटिंग’ करने पर कांग्रेस ने हरियाणा के चार विधायकों को नोटिस जारी किया
Modified Date: March 19, 2026 / 04:58 pm IST
Published Date: March 19, 2026 4:58 pm IST

चंडीगढ़, 19 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने हरियाणा के अपने चार विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जिन्होंने सोमवार को राज्यसभा चुनाव के दौरान कथित तौर पर ‘क्रॉस वोटिंग’ की।

आधिकारिक रुख का उल्लंघन करने के संदेह में पार्टी द्वारा बुधवार को पांच में से चार विधायकों के नाम उजागर करने के बाद यह कार्रवाई की गई है। पांचवें विधायक के नाम का अब तक खुलासा नहीं किया गया है।

प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष धर्मपाल मलिक ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया, ‘‘हमने पार्टी के चार विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।’’

चारों विधायकों को नोटिस मिलने के एक सप्ताह के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है कि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों शुरू नहीं की जानी चाहिए।

नोटिस में कहा गया है कि कांग्रेस नेतृत्व के संज्ञान में यह बात लाई गई है कि इन विधायकों ने कथित तौर पर निर्धारित प्रक्रियाओं और पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों के विपरीत मतदान किया, जिसके परिणामस्वरूप उनका वोट रद्द/अमान्य हो गया है।

नोटिस में कहा गया है कि यदि यह कृत्य सिद्ध हो जाता है, तो इसे पार्टी की आधिकारिक स्थिति को विफल करने के उद्देश्य से जानबूझकर किया गया प्रयास माना जाएगा। साथ ही इसे पार्टी अनुशासन का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा।

बुधवार को हरियाणा के प्रभारी कांग्रेस महासचिव बी के हरिप्रसाद ने चार कांग्रेस विधायकों के नाम उजागर करते हुए कहा कि उन्होंने संसद के ऊपरी सदन के चुनावों में ‘क्रॉस-वोटिंग’ की थी।

हरिप्रसाद ने दावा किया, ‘‘नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी, साढौरा विधायक रेनू बाला, पुन्हाना से विधायक मोहम्मद इलियास और हथीन से विधायक मोहम्मद इसराइल ने क्रॉस-वोटिंग की है।’’

भाषा

शफीक अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में