श्रीनगर, नौ सितंबर (भाषा) ‘शोले’ के निर्देशक रमेश सिप्पी ने कहा कि वह 1964 से कश्मीर आते रहे हैं और उम्मीद जताई कि उन्हें तथा अन्य फिल्मकारों को घाटी में आने वाले समय में कई और फिल्मों की शूटिंग करने का अवसर मिलेगा।
सिप्पी की चर्चित फिल्मों में ‘शान’ और ‘सागर’ भी शामिल हैं। वह जम्मू-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफजेके) में फिल्में देखने के लिए भी उत्सुक हैं।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘मैं 1964 से ही यहां आता रहा हूं। बीच में कुछ परेशानियां थीं, इसलिए हम आ नहीं पाए। लेकिन अब यह फिर से खुल गया है और सब कुछ ठीक है।’
उन्होंने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि लोग यहां आएंगे, पर्यटक आएंगे और फिल्मकार भी पहले की तरह फिल्मों की शूटिंग के लिए आएंगे। सरकार की ओर से भी प्रोत्साहन मिल रहा है। इसलिए उम्मीद है कि भविष्य इससे भी बेहतर होगा।’
घाटी में फिल्म की शूटिंग की योजना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ”फिलहाल हम यहां आए हैं, जायजा लिया है और उम्मीद है कि जल्द ही हम ऐसा कर पाएंगे।”
सिप्पी ने सिनेमा के क्षेत्र में उभर रही नई प्रतिभाओं को देखने की इच्छा व्यक्त की।
आधुनिक फिल्म निर्माण को लेकर की जाने वाली आलोचनाओं को तवज्जो न देते हुए सिप्पी ने कहा कि भारतीय सिनेमा सक्षम हाथों में है।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश