‘रंग दे गुलाबी’: एक ही दिन में जयपुर शहर की 500 दीवारें रंगी जाएंगी
‘रंग दे गुलाबी’: एक ही दिन में जयपुर शहर की 500 दीवारें रंगी जाएंगी
जयपुर, 28 अप्रैल (भाषा) जयपुर नगर निगम ने मंगलवार को एक महत्वाकांक्षी अभियान “रंग दे गुलाबी” की घोषणा की, जिसके तहत दो मई को पूरे शहर में एक ही दिन में 500 दीवारों को रंगा जाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य शहर की सुंदरता बढ़ाना और बड़े पैमाने पर जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
नगर निगम आयुक्त ओम केसरा ने कहा कि यह पहल जयपुर के लिए एक ऐतिहासिक कदम होगी।
उन्होंने कहा, “निगम का ध्यान शहर को और अधिक जीवंत और आकर्षक बनाने पर है।”
उन्होंने बताया कि एक ही दिन में 500 दीवारों को रंगने का लक्ष्य रखा गया है, जो एक अनूठा, सामुदायिक प्रयास होगा।
उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल जयपुर के पारंपरिक गुलाबी रंग तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न कलात्मक और जीवंत रंगों का उपयोग कर शहर को सजाने का प्रयास करेगा।
गुलाबी रंग के साथ-साथ रचनात्मक डिजाइन और अलग-अलग रंगों का प्रयोग कर विभिन्न क्षेत्रों को विशिष्ट पहचान दी जाएगी, जो आधुनिक रूप में शहर की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएगी।
आयुक्त ने बताया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, गैर सरकारी संगठनों, निजी संस्थानों, कॉरपोरेट समूहों और नागरिकों को स्वेच्छा से इस अभियान में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने कहा कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी 500 चिह्नित दीवारों का विवरण पेंटिंग से पहले और बाद में जनता के साथ साझा किया जाएगा।
भाषा बाकोलिया
संतोष
संतोष

Facebook


