सीमा विवाद पर किसी भी मुकदमे के लिए तैयार हैं : मिजोरम
सीमा विवाद पर किसी भी मुकदमे के लिए तैयार हैं : मिजोरम
आइजोल, 29 जुलाई (भाषा) मिजोरम के उपमुख्यंत्री तावनलुइया ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार इस दावे पर किसी भी मुकदमे का सामना करने को तैयार है कि उसने पड़ोसी राज्य असम के क्षेत्र में अतिक्रमण किया।
उपमुख्यमंत्री का बयान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के ‘अतिक्रमण संबंधी’ आरोपों को खारिज करने के रूप में आया है। सरमा ने मंगलवार को कहा था कि उनकी सरकार इस मुद्दे पर उच्चतम न्यायालय जाएगी।
राज्य सरकार द्वारा पिछले सप्ताह गठित सीमा आयोग के अध्यक्ष तावनलुइया ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में मिजोरम द्वारा पड़ोसी राज्य के क्षेत्र में अतिक्रमण किए जाने से इनकार किया।
उन्होंने कहा, ‘‘ हम कानूनी अदालत में सुनवाई के लिए तैयार हैं। हमारे पास अपने रुख को साबित करने के लिए वैध दस्तावेज हैं।’’
दोनों राज्यों की क्षेत्रीय सीमा को लेकर अलग-अलग व्याख्याएं हैं। मिजोरम का मानना है कि उसकी सीमा तराई क्षेत्र के लोगों के प्रभाव से आदिवासियों को बचाने के लिए 1875 में खींची गयी इनर लाइन तक है, जबकि असम 1930 के दशक में किए गए जिला रेखांकन सर्वेक्षण को मानता है।
भाषा राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


