कोलकाता, 25 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के हावड़ा में बुधवार तड़के एक रियल एस्टेट डेवलपर की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना शहर के पिलखाना इलाके में ‘सेकंड बाय लेन’ स्थित चाय की एक दुकान पर सुबह करीब 4:10 बजे घटी, जो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
पुलिस ने बताया कि घटना की कथित फुटेज में हमलावरों द्वारा सिर और सीने में गोली मारे जाने के बाद व्यक्ति को गिरते हुए देखा जा सकता है।
‘पीटीआई-भाषा’ फुटेज की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है।
पुलिस ने बताया कि 27-वर्षीय शफीक खान को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि हत्या किसी पुरानी रंजीश का नतीजा हो सकती है।
खान के परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने शफीक से बड़ी रकम की मांग की थी।
हावड़ा-उत्तर निर्वाचन क्षेत्र से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के विधायक गौतम चौधरी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
विपक्षी भाजपा और आईएसएफ ने आरोप लगाया कि हत्यारे तृणमूल कांग्रेस के करीबी थे, क्योंकि हत्या के बाद सामने आए वीडियो में आरोपियों में से एक को कथित तौर पर विधायक की मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे हुए देखा जा सकता है।
इस आरोप का जवाब देते हुए तृणमूल कांग्रेस की वरिष्ठ मंत्री शशि पांजा ने कहा कि पीड़ित और आरोपी दोनों कारोबारी प्रतिद्वंद्वी थे।
उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना को पार्टी या राजनीति से जोड़ना गलत होगा। यह मामला दोनों के बीच की दुश्मनी से जुड़ा प्रतीत होता है।’’
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश