लाल किला 15 जुलाई से 15 अगस्त तक आम जनता के लिए बंद रहेगा

Ads

लाल किला 15 जुलाई से 15 अगस्त तक आम जनता के लिए बंद रहेगा

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 08:00 AM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 08:00 AM IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ समारोह की तैयारियों के मद्देनजर दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला परिसर को 15 जुलाई से 15 अगस्त तक आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गयी।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने लाल किले में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को देखते हुए यह आदेश जारी किया है।

नौ जुलाई को जारी आदेश में कहा गया है, ‘‘प्राचीन स्मारक एवं पुरातात्विक स्थल तथा अवशेष नियम, 1959 के नियम-5 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए निर्देश दिया जाता है कि लाल किला 15 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक स्वतंत्रता दिवस समारोह समाप्त होने तक आम जनता और पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।’’

एएसआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि स्वतंत्रता दिवस से पहले हर वर्ष इस तरह का आदेश जारी किया जाता है।

यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल लाल किला 15 अगस्त 1947 से देश के स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य स्थल रहा है। इसी दिन भारत ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन से मुक्त होकर स्वतंत्र राष्ट्र बना था।

हर वर्ष 15 अगस्त को लाल किले में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में केवल सरकार द्वारा जारी पास धारकों को ही प्रवेश की अनुमति होती है। यह समारोह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित किया जाता है।

भाषा गोला प्रशांत

प्रशांत