नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और देवी सुभद्रा की रथ यात्रा के अवसर पर लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह भारत की सदियों पुरानी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का एक शानदार प्रतीक है।
वार्षिक यात्रा के दौरान, भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ के रथों को श्रद्धालु ओडिशा के पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से श्री गुंडिचा मंदिर तक खींच कर ले जाते हैं।
इस उत्सव में शामिल होने के लिए लाखों श्रद्धालु एकत्र होते हैं। देश के अन्य हिस्सों में भी ऐसी ही यात्राएं निकाली जाती हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि रथ यात्रा से जुड़ी परंपराओं ने पूरे भारत और दुनिया भर में कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है और ये विनम्रता, सामूहिक भागीदारी और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक हैं।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महाप्रभु जगन्नाथ की रथ यात्रा के पावन अवसर पर मेरी कामना है कि उनका आशीर्वाद हम सभी पर सदैव बना रहे। उनकी दिव्य कृपा से सभी देशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार हो। ’’
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत