रेड्डी ने हैदराबाद में पेयजल आपूर्ति के लिए व्यापक योजना तैयार करने के निर्देश दिए

Ads

रेड्डी ने हैदराबाद में पेयजल आपूर्ति के लिए व्यापक योजना तैयार करने के निर्देश दिए

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 11:26 AM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 11:26 AM IST

हैदराबाद, 24 जुलाई (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद के ‘कोर अर्बन रीजन’ (मुख्य शहरी क्षेत्र) में पेयजल आपूर्ति के लिए एक व्यापक योजना तैयार करने का अधिकारियों को निर्देश दिया है।

रेड्डी ने मौजूदा मानसून सत्र में अल नीनो के प्रभाव के कारण कम बारिश होने के मद्देनजर अधिकारियों से जलापूर्ति पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बृहस्पतिवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने कहा कि अगले 50 वर्ष की जल जरूरतों का आकलन करके प्रस्तावित योजना तैयार की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि हैदराबाद के आसपास के पेयजल स्रोतों को आपस में जोड़ा जाना चाहिए ताकि किसी जलाशय में पानी उपलब्ध नहीं होने पर दूसरे स्रोत से इसकी आपूर्ति की जा सके।

उन्होंने जलापूर्ति से संबंधित जारी कार्यों को डेढ़ वर्ष में पूरा करने का निर्देश दिया। रेड्डी ने कहा कि मलजल शोधन संयंत्रों (एसटीपी) का निर्माण भी तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पेयजल आपूर्ति और एसटीपी से संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट हर महीने उन्हें सौंपने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को ऐसे नियम तैयार करने का भी निर्देश दिया, जिनके घरेलू कामकाज से निकलने वाले अपशिष्ट जल का निर्माण कार्यों तथा उद्योगों में इस्तेमाल किया जा सके।

राज्य सरकार ने हैदराबाद और शहर की ‘आउटर रिंग रोड’ (ओआरआर) के भीतर के क्षेत्रों को ‘कोर अर्बन रीजन’ के रूप में चिह्नित किया है।

भाषा सिम्मी गोला

गोला