नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) दिल्ली के सराय काले खां को मेरठ के मोदीपुरम से जोड़ने वाले 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत गलियारे के शेष हिस्सों का उद्घाटन 22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए जाने की उम्मीद है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि नमो भारत के उद्घाटन के साथ-साथ 13 स्टेशन वाली 23 किलोमीटर लंबी मेरठ मेट्रो की शुरुआत भी की जाएगी।
दिल्ली में सराय काले खां और न्यू अशोक नगर के बीच पांच किलोमीटर का खंड तथा मेरठ दक्षिण से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर का खंड का काम अब पूरा हो चुका हैं, जिसका उद्घाटन 22 फरवरी को निर्धारित है।
दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ 82 किलोमीटर के गलियारे में सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, गुलधर, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ और मेरठ साउथ जैसे कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) की रीढ़ यह गलियारा मार्ग के साथ प्रमुख आवासीय, वाणिज्यिक और औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ते हैं।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने कहा कि गलियारे का 55 किलोमीटर लंबा हिस्सा पहले से ही चालू है और शेष खंड पूरा होने के करीब है। संचालित हो रहे हिस्से में 11 स्टेशन शामिल हैं।
इसमें उल्लेख किया गया है कि एकीकृत कॉरिडोर से आवागमन को बढ़ावा मिलने, सामाजिक-आर्थिक बदलावों को गति मिलने और दिल्ली, गाजियाबाद तथा मेरठ में नए आवासीय और वाणिज्यिक केंद्रों के विकास की उम्मीद है।
निगम ने इस बात पर प्रकाश डाला कि नमो भारत मार्ग के साथ-साथ विशेष रूप से मेरठ, गाजियाबाद, मुरादनगर और मोदीनगर में रियल एस्टेट गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।
स्टेशन के दो किलोमीटर के दायरे में जमीनों की कीमतों में दो साल में 30-67 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जिसमें मेरठ में जमीन की दरें 8,000-12,000 रुपये से बढ़कर 12,000-20,000 रुपये प्रति वर्ग गज हो गई हैं।
एनसीआरटीसी के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बिल्डर्स ने गलियारे की शुरु होने से पहले नई परियोजनाओं की घोषणा करके बढ़ती मांग का जवाब देना शुरू कर दिया है।
भाषा यासिर रंजन
रंजन