जयपुर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, कई धार्मिक स्थल टूटे

Ads

जयपुर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, कई धार्मिक स्थल टूटे

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 06:52 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 06:52 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

जयपुर, आठ जून (भाषा) जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की प्रवर्तन शाखा ने सोमवार को जगतपुरा क्षेत्र में रेलवे लाइन के समानांतर चलने वाली सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के उदृदेश्य से अवैध निर्माणों को हटाया।

जेडीए के अनुसार कार्रवाई के दौरान धार्मिक स्थल भी हटाए गए। एहतियातन जिला प्रशासन ने शहर के कई हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दीं।

जेडीए सतर्कता शाखा के उप महानिरीक्षक आनंद शर्मा ने बताया कि धार्मिक स्थलों को पहले नोटिस दिया गया था, कुछ ने स्वयं अतिक्रमण हटाया, शेष को कार्रवाई में हटाया गया।

उन्होंने कहा कि इससे पहले 22 मई को इसी सड़क पर 127 अतिक्रमण हटाए गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में सड़क कई स्थानों पर केवल 25–30 फीट चौड़ी रह गई थी, जबकि राजस्व अभिलेखों में इसकी चौड़ाई 80 फीट दर्ज है।

लगभग दो किलोमीटर लंबा यह मार्ग नंदपुरी अंडरपास को जगतपुरा से जोड़ता है और छह प्रमुख कॉलोनियों से होकर गुजरता है।

प्रशासन के अनुसार मोबाइल इंटरनेट सेवाएं नौ जून की मध्यरात्रि तक जयपुर उत्तर और पूर्व पुलिस जिलों में बंद रहेंगी, जबकि वॉयस कॉल सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी।

संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार ने अफवाहों को रोकने और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह निर्देश जारी किए।

कार्रवाई में पांच धार्मिक ढांचों—एक मस्जिद, दो मंदिर, एक सत्संग भवन और एक मजार को हटाया गया।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए। क्षेत्र में आवाजाही सीमित की गई और स्थिति की निगरानी ड्रोन से की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत आस—पास की बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार