शिक्षकों और छात्रों को जवाब दें: शिक्षा बजट में ‘कटौती’ को लेकर राजा का मोदी से सवाल

Ads

शिक्षकों और छात्रों को जवाब दें: शिक्षा बजट में ‘कटौती’ को लेकर राजा का मोदी से सवाल

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 08:52 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 08:52 PM IST

नयी दिल्ली, छह सितंबर (भाषा) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी. राजा ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और उनके कार्यकाल के दौरान केंद्र सरकार के शिक्षा बजट में हुए बदलाव के बारे में बताने को कहा।

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) में, एक दिन पहले शिक्षक दिवस पर अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने राजनीतिक हमले किए थे, जिसके बाद भाकपा की यह प्रतिक्रिया आई है।

मोदी ने एसआरसीसी के शताब्दी समारोह में, अपनी ‘‘दिमागी नक्सल’’ टिप्पणी दोहराई और आलोचकों पर आरोप लगाया कि वे भारत की 7.8 प्रतिशत आर्थिक वृद्धि दर को पचा नहीं पा रहे हैं।

राजा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने शिक्षकों और छात्रों की ‘‘असली चिंताओं’’ पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक हमले करने का विकल्प चुना।

भाकपा नेता ने कहा, ‘‘उन्हें यह समझना चाहिए कि इससे काम नहीं चलेगा। सरकार की भारी नाकामियों की वजह से लोग अब उनके दावों पर यकीन करने को तैयार नहीं हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ‘‘आर्थिक आंकड़ों में हेर-फेर और गलत प्रस्तुति’’ करने की हद तक चली गई है और अब जो लोग उसके दावों पर सवाल उठाते हैं, उन्हें ‘‘दिमागी नक्सल’’ करार दे रही है।

राजा ने कहा, ‘‘लेकिन देश सवाल पूछता रहेगा। असहमति को अपराध नहीं माना जा सकता और सवालों को दबाया नहीं जा सकता।’’

उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया, ‘‘आपके कार्यकाल के दौरान केंद्र सरकार के शिक्षा बजट में कितने प्रतिशत की कमी आई है?’’

उन्होंने कहा, ‘‘आलोचकों पर हमला करने के बजाय, भारत के शिक्षकों और छात्रों को जवाब दिया जाए।’’

भाषा सुभाष प्रशांत

प्रशांत