वायनाड नगर क्षेत्र के घरों में दरारें आने की खबरें ‘बेबुनियाद’ : मंत्री शिवनकुट्टी

Ads

वायनाड नगर क्षेत्र के घरों में दरारें आने की खबरें 'बेबुनियाद' : मंत्री शिवनकुट्टी

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 03:53 PM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 03:53 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 19 अप्रैल (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता वी. शिवनकुट्टी ने रविवार को वायनाड नगर क्षेत्र में भूस्खलन पीड़ितों के लिए बनाए जा रहे घरों में दरारों के आरोपों वाली खबरों को पूरी तरह से निराधार बताकर खारिज कर दिया।

यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, राज्य के सामान्य शिक्षा मंत्री शिवनकुट्टी ने कहा कि नवनिर्मित घरों में दरारों के दावे “पूरी तरह से झूठे” हैं और स्पष्ट किया कि राजस्व मंत्री के. राजन ने व्यक्तिगत रूप से मौके का मुआयना कर स्थिति का आकलन किया था।

उन्होंने बताया कि घरों में सीलन से बचाव का काम अभी पूरा नहीं हुआ है, और जिन जगहों पर पानी का मामूली रिसाव देखा गया है, उन पर पेंसिल से निशान लगा दिए गए हैं।

मंत्री ने दावा किया, “कुछ लोग इन चिह्नों को दरारें बताकर गलत जानकारी फैला रहे हैं।”

उनके अनुसार, सरकार पूरी सतर्कता बरत रही है और शत प्रतिशत गुणवत्ता सुनिश्चित किए बिना लाभार्थियों को एक भी घर नहीं सौंपेगी।

शिवनकुट्टी ने कहा कि लाभार्थियों द्वारा स्वयं निरीक्षण करने और संतुष्टि दर्ज कराने के बाद ही घरों का हस्तांतरण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शुरू में हालांकि 15 अप्रैल को घरों का वितरण करने की योजना थी, लेकिन निर्माण कार्य में मामूली देरी हुई क्योंकि श्रमिक वहां चुनावों के सिलसिले में अपने पैतृक स्थानों पर लौट गए थे।

उन्होंने कहा कि 102 घरों का निर्माण जल्द ही पूरा हो जाएगा और लगभग 178 घरों को मई के पहले सप्ताह तक सौंपे जाने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने फर्नीचर खरीदने के लिए प्रति घर एक लाख रुपये तक की राशि भी स्वीकृत की है।

कांग्रेस और उसकी युवा शाखा, यूथ कांग्रेस पर निशाना साधते हुए, शिवनकुट्टी ने आरोप लगाया कि वे गलत सूचना फैलाने की कोशिश कर रहे हैं और जनता से कथित तौर पर “अधूरे आवास वादे और बेहिसाब धन” एकत्र करने के बारे में उनसे सवाल किया।

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत